हेलो मां, बचा लो नहीं तो मर जाऊंगी…’ प्रेमी ने शादी का झांसा देकर युवती को बेचा, कोलकाता के रेड लाइट एरिया से रेस्क्यू

0
'हेलो मां, बचा लो नहीं तो मर जाऊंगी...' प्रेमी ने शादी का झांसा देकर युवती को बेचा, कोलकाता के रेड लाइट एरिया से रेस्क्यू

हेलो मां, बचा लो नहीं तो मर जाऊंगी…’ प्रेमी ने शादी का झांसा देकर युवती को बेचा, कोलकाता के रेड लाइट एरिया से रेस्क्यू

शादी का झांसा देकर घर से भगाई गई युवती को उसके प्रेमी ने कोलकाता के रेड लाइट एरिया में बेच दिया। युवती ने मां को फोन कर बचाने की गुहार लगाई, जिसके बाद मोतिहारी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बरामद किया। आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेमी ने प्रेमिका को कोलकाता रेड लाइट एरिया में बेचा

मोतिहारी में शादी का झांसा देकर घर से भगाई गई एक युवती को उसके कथित प्रेमी ने कोलकाता के रेड लाइट एरिया में 2 लाख 30 हजार रुपये में बेच दिया। वहां फंसी युवती ने रोते हुए अपनी मां को फोन किया और कहा, “हेलो मां, बचा लो नहीं तो मर जाऊंगी। मुझे रेड लाइट एरिया में बेच दिया गया है।” बेटी की बात सुनकर मां के होश उड़ गए। वह आनन-फानन में केसरिया थाने पहुंचीं और थानाध्यक्ष से बेटी को बचाने की गुहार लगाई।

'हेलो मां, बचा लो नहीं तो मर जाऊंगी...' प्रेमी ने शादी का झांसा देकर युवती को बेचा, कोलकाता के रेड लाइट एरिया से रेस्क्यू

पुलिस ने बनाई विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए केसरिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने युवती की मां से विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात को मामले से अवगत कराया गया। अपर थानाध्यक्ष राजकुमार राजू के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जो युवती की मां को साथ लेकर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता रवाना हुई। पुलिस ने युवती की ओर से मां को किए गए फोन नंबर के लोकेशन डेटा के आधार पर उसकी तलाश शुरू की।

ग्राहक बनकर रेड लाइट एरिया पहुंची पुलिस

कोलकाता के रेड लाइट एरिया की भीड़ में युवती की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। ऐसे में अपर थानाध्यक्ष राजकुमार राजू ग्राहक बनकर वहां पहुंचे। उन्होंने इशारों के जरिए युवती की पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद पुलिस कोलकाता के पोशीपारा थाने पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। 10 अक्टूबर को जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस टीम उसे लेकर मोतिहारी रवाना हो गई।

तीन महीने से चल रहा था प्रेम-प्रसंग

पूरा मामला पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र का है। यहां की एक युवती का मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के शाहपुरपट्टी निवासी रोहित कुमार से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे और इसी वजह से घर से भाग गए थे। दोनों बालिग थे, इसलिए युवती के परिजनों ने उस समय थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच करीब तीन महीने से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।

शादी का भरोसा देकर रेलवे स्टेशन बुलाया

गिरफ्तार आरोपी रोहित कुमार ने पूछताछ में बताया कि उसकी बहन का ससुराल युवती के गांव में था और वहां उसका आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान करीब एक साल पहले उसकी युवती से मुलाकात हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और शादी की बात होने लगी।

आरोप है कि रोहित ने शादी का भरोसा देकर युवती को घर से भागने के लिए तैयार किया और उसे रेलवे स्टेशन पर बुलाया। वहां उसके दो साथी पहले से मौजूद थे। रोहित ने युवती को अपने साथियों के साथ कोलकाता भेज दिया और खुद भी बाद में वहां पहुंचने का भरोसा दिया। युवती उसके साथियों के साथ कोलकाता चली गई, जहां उसे कथित तौर पर 2 लाख 30 हजार रुपये में रेड लाइट एरिया में बेच दिया गया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

तीन अन्य साथियों के नाम आए सामने

पुलिस पूछताछ में रोहित ने अपने नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य लोगों के नाम बताए हैं। इनमें मुजफ्फरपुर के पंकज और प्रिंस के अलावा पूर्णिया की सोनी नाम की एक महिला शामिल है। पुलिस को आशंका है कि सोनी युवती की बिक्री का सौदा कराने वाली अहम कड़ी हो सकती है। जांच के दौरान मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका भी सामने आई है। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष राहुल कुमार, अपर थानाध्यक्ष राजकुमार राजू, अनुसंधानकर्ता एसआई मनोज ठाकुर, एसआई कोमल कुमारी सहित पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।

 

Leave a Reply